पेट्रोल-डीजल संकट और नीट गड़बड़ी पर झामुमो का केंद्र सरकार पर हमला, साइकिल चलाकर जताया विरोध
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: झारखंड में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर उत्पन्न स्थिति और नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश के वास्तविक हालात को समझने में विफल रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कुणाल षाडंगी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जबकि महंगाई पहले से ही चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों ने आम नागरिकों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा नेताओं के नाम सामने आना बेहद गंभीर है और यह दर्शाता है कि देश की शिक्षा व्यवस्था किस दिशा में जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि चुनावी अभियानों के दौरान लगातार रैलियों और राजनीतिक गतिविधियों के बीच वैश्विक परिस्थितियों और घरेलू चुनौतियों की अनदेखी की गई, जिसका असर आज देशभर में दिखाई दे रहा है।
झामुमो ने मांग की कि पेट्रोल-डीजल की खरीद और वितरण को लेकर स्पष्ट नियम बनाए जाएं और उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह नियम आम जनता के साथ-साथ नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होना चाहिए।
इस अवसर पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने साइकिल चलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और आम लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

