राष्ट्र संवाद,संवाददाता
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी विकाश राय ने गुरुवार को विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
एसडीओ ने कहा कि एम्बुलेंस, दूध वाहन, खाद्यान्न सामग्री ढोने वाले वाहन समेत अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाना से पुलिस बल की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
बैठक में एसडीओ ने कहा कि प्रशासन आम लोगों के हितों के प्रति संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। लोग शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
उन्होंने चेतावनी दी कि कृत्रिम कमी उत्पन्न करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी समस्या या अनियमितता की सूचना प्रशासन को देने की अपील की, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

