राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज परिसर में कोल्हान छात्र संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हाल ही में सीनेट और सिंडिकेट सदस्य बने सोनू ठाकुर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को उठाया गया।
सोनू ठाकुर ने कोऑपरेटिव लॉ कॉलेज की जमीन आवंटन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि जमीन का आवंटन सही तरीके से हुआ होता, तो कॉलेज को मान्यता के लिए बार-बार परेशानी नहीं होती।
इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2023 में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच लंबित रहने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को उठाने पर संबंधित पूर्व प्राचार्य द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
मोर्चा ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की है। चेतावनी दी गई कि उचित कदम नहीं उठाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में कई छात्र नेता और सदस्य मौजूद रहे।

