अखिलेश यादव के चाय पीते ही सक्रिय हुआ फूड विभाग, जांच के घेरे में चायवाला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
फतेहपुर (इंद्र यादव): समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के एक स्थानीय चाय दुकान पर रुककर चाय पीने के बाद प्रशासन अचानक हरकत में आ गया। उनके जाने के तुरंत बाद फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
विभाग ने दुकानदार पर एल्युमिनियम के बर्तन में चाय बनाने का आरोप लगाते हुए इसे स्वास्थ्य मानकों के खिलाफ बताया। टीम ने चाय, चीनी और पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इस कार्रवाई की टाइमिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान लंबे समय से चल रही थी, लेकिन जांच तब हुई जब वहां एक बड़े नेता ने चाय पी। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल विभाग ने इसे नियमित जांच बताया है, जबकि घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर बहस छेड़ दी है।

