अमृत भारत कोचों का नया रूप तैयार, आधुनिक डिजाइन से यात्रा होगी और आरामदायक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली:भारतीय रेल ने अमृत भारत कोचों की अगली पीढ़ी के लिए आंतरिक उन्नयन का नमूना कोच तैयार किया है। रेल मंत्री ने 4 अप्रैल को नई दिल्ली स्टेशन पर इन कोचों के नए डिजाइन और रंग योजना का निरीक्षण किया।
इन कोचों को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें पीवीसी फ्लोरिंग, सीट-बर्थ, स्नैक टेबल, परदे और शौचालय में समन्वित रंगों का उपयोग किया गया है, जो आधुनिक और आकर्षक लुक प्रदान करता है।
सुरक्षा के लिहाज से सभी सामग्री HL3 अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं। साथ ही डिजाइन टिकाऊ और रखरखाव में आसान रखा गया है।
यह पहल भारतीय रेल के आधुनिकीकरण अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वस्तरीय यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

