ठाकुर धुरंधर सिंह प्यारा सिंह अखाड़ा की झांकी आकर्षण का केंद्र, भालूबासा जम्मू अखाड़ा में उमड़ी भक्तों की भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राम नवमी के पावन अवसर पर भालूबासा स्थित जम्मू अखाड़ा में भगवान बजरंगबली की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्त कतारबद्ध होकर हनुमान जी के दर्शन और पूजा करते नजर आए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

इस अवसर पर ठाकुर धुरंधर सिंह प्यारा सिंह अखाड़ा की ओर से भव्य झांकी निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। झांकी में भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और बजरंगबली के विभिन्न स्वरूपों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।

कार्यक्रम के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा दास साहू, हिंदू पीठ के संयोजक अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी समेत अभय सिंह और निर्भय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम राज्य के सपने को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। वहीं विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि आज के समय में महिलाओं को सिर्फ मोबाइल तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आत्मरक्षा के लिए तलवार चलाना भी सीखना चाहिए।
काशीडीह स्थित ठाकुर प्यार सिंह धुरंधर सिंह रामनवमी अखाड़ा समिति द्वारा आयोजित पगड़ी रसम में भी शहर के कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा दास साहू, मारवाड़ी समाज के मुकेश मित्तल समेत अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
अखाड़ा समिति द्वारा कार्यक्रम के पूर्व आए हुए अतिथियों का अंग वस्त्र एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

