मुसाबनी के भालूबासा टोला में उपायुक्त का जनसंवाद, समस्याओं के समाधान का भरोसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुसाबनी प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत अंतर्गत भालूबासा टोला में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। उपायुक्त ने भालूबासा समेत आसपास के कई गांवों के लोगों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने एम्बुलेंस और ममता वाहन की कमी, मोबाइल नेटवर्क, जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में देरी जैसी समस्याएं उठाईं। इस पर उपायुक्त ने एचसीएल के सीएसआर फंड से एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, मोबाइल टावर के लिए स्थान चिन्हित करने और लापरवाही पर पंचायत सचिव का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने दो अनाथ बच्चों से मिलकर उनकी शिक्षा के लिए सरकारी योजना के तहत मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही क्षेत्र भ्रमण के दौरान दोलमाबेड़ा झरना का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने मिनी आंगनबाड़ी, सड़क निर्माण, पर्यटन विकास और दस्तावेज संबंधित समस्याएं भी रखीं, जिन पर उपायुक्त ने हर संभव समाधान का भरोसा दिया। मौके पर मुखिया पोरमा बानरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

