राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।
गम्हरिया के मोतीनगर रोड नंबर एक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब किराए के मकान में रह रहे राकेश पांडे के रूम में लगा जिओ फाइबर के सेट-टॉप बॉक्स अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे के बाद शॉर्ट सर्किट से पूरे कमरे में आग लग गई, जिससे उसमें रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। ब्लास्ट के समय कमरे में दो छोटे बच्चे मौजूद थे। मकान मालिक और आसपास के लोगों की मदद से समय रहते दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों द्वारा पानी डालकर उक्त आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया, लेकिन तबतक कमरे में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पार्षद शुभम कुमार पांडे मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित विभाग से बात करने का आश्वासन दिया।

