महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ भिलाईपहाड़ी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना’ के तहत एच.जी फाउंडेशन के सहयोग और प्रयत्न संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम भिलाईपहाड़ी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता टीबी विभाग की मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनीता सामंत ने की।
कार्यक्रम में न्यू कोर्ट (साकची) से अनीता यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय से कीर्ति, फडलोगोंदा विद्यालय की संस्था प्रधान मीनू कुमारी तथा सहायक शिक्षिका अपर्णा महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समारोह में पांच गांवों की स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्याएं, ग्राम विकास समिति के प्रतिनिधि, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की महिलाएं, स्थानीय ग्रामीण महिलाएं और स्कूली छात्राओं सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रयत्न संस्था के सोनू गौर ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था और परियोजना के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस वर्ष के महिला दिवस का विषय “सभी महिलाओं के लिए अधिकार, न्याय और कार्रवाई” रहा, जिस पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही वैश्विक थीम “दान से लाभ” (Give to Gain) के माध्यम से सहयोग और उदारता की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
समारोह के दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और कौशल विकास पर भी विशेष चर्चा हुई। संस्था द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच की महिला लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहन मिला। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सबसे सशक्त माध्यम है।
महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए “उमंग खेल महोत्सव” का भी आयोजन किया गया, जिसमें दौड़, रस्साकशी, गोली-चम्मच दौड़, गुब्बारा फोड़ और कुर्सी-संगीत जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, वहीं सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर उनकी खेल भावना का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ऐश्वर्या दास, मोनिका प्रमाणिक, सागर सोनकर, प्रीति चौधरी, रेडी प्रत्यूषा, सत्येंद्र कुमार, यमुना महतो, सुब्रत महतो, चंचला रानी, रेणुका महतो, उर्मिला सिंह, रवि कुमार महतो और अधूरी सिंह सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में उपस्थित अतिथियों और विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

