राष्ट्र संवाद संवाददाता
- जमशेदपुर: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आगमन पर भाजपाइयों के साथ-साथ अन्य लोगों ने भव्य स्वागत किया इस दौरान होटल में भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति समझाई और झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जात-पात से ऊपर उठकर समाज को एकजुट होने की जरूरत है। “घुसपैठियों को रोकना समय की मांग है। जब तक हम एक नहीं होंगे, तब तक मजबूती से मुकाबला संभव नहीं है,”
अपने संबोधन में उन्होंने हिंदुओं से मंदिर जाने और धर्म की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जात-पात की लड़ाई पुरानी बात हो चुकी है, अब विकास में भागीदारी और एकता ही सबसे बड़ी ताकत है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने सभी वर्गों—एससी, एसटी और ओबीसी—को सम्मान देने का काम किया है। यूजीसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस पर स्टे लग चुका है और इसे लेकर अनावश्यक राजनीति की जरूरत नहीं है।

एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिहार, असम, केरल और पश्चिम बंगाल में इसे लेकर राजनीति हो रही है, जबकि केंद्र सरकार का उद्देश्य किसी नागरिक को वोट के अधिकार से वंचित करना नहीं, बल्कि विदेशियों को रोकना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सवाल किया कि “क्या आप विदेशियों को वोट देने देंगे?” जिस पर सबों ने ‘नहीं’ का जवाब दिया।
गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में अल्पसंख्यक की परिभाषा पर पुनर्विचार की आवश्यकता है। उनका दावा था कि कुछ समुदायों की संख्या में कमी आई है, जबकि एक विशेष समुदाय अब अल्पसंख्यक नहीं रहा। इस विषय पर सड़क से संसद तक चर्चा और संघर्ष की जरूरत बताई।
विकास योजनाओं का उल्लेख
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार नगर निगम/परिषद क्षेत्रों के विकास के लिए 5 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध करा रही है। झारखंड में रेलवे विकास के लिए 70 हजार करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है तथा 3400 किलोमीटर रेल लाइन का दोहरीकरण किया गया है।
मिलने वालों में भाजपा जिला अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडेय, अनिल सिंह, दीपेंद्र सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र, कुसुम पूर्ति, सतीश सिंह, बलवीर मंडल, अनमोल वर्मा तथा अभय चौबे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

