जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना, जामताड़ा की टीम ने पूoनि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम विक्रामडीह के समीप तथा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम नीच काजरा में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी में संलिप्त 08 आरोपियों को फर्जी मोबाइल और सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल मंडल, परदुम मंडल, राहुल कुमार मंडल, विक्रम मंडल, बबलु मंडल, समीर अंसारी, अली मोहम्मद एवं सौकत अंसारी शामिल हैं। इनके पास से 20 मोबाइल फोन एवं 17 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इस संबंध में साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में कांड संख्या 10/26 एवं 11/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी क्रेडिट कार्ड नंबर, बिजली बिल भुगतान संदेश एवं कैशबैक के झांसे देकर ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी करते थे। कुछ आरोपियों का पूर्व में भी साइबर अपराध से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

