वार्ड 19 में कांग्रेस का डोर-टू-डोर अभियान तेज, अंसार खान ने मतदान के लिए किया जागरूक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अंसार खान के आवासीय कार्यालय में वार्ड संख्या 19 के लिए वोट पर्ची तैयार कर घर-घर वितरण अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं को पर्ची सौंपते हुए मतदान के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान लोगों को समझाया गया कि 11वें नंबर की गुलाबी पर्ची पर कारपेट निशान पर मुहर लगाकर सुधा गुप्ता को विजयी बनाएं। अंसार खान स्वयं भी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और समर्थन की अपील कर रहे हैं।
अंसार खान ने कहा कि 23 तारीख को रमजान उल मुबारक का महीना रहने के बावजूद सभी मतदाता सुबह-सुबह अपने घरों से निकलकर मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग किए बिना न रहे, क्योंकि लोकतंत्र में वोट की अहम भूमिका होती है।
पर्ची तैयार करने एवं वितरण कार्य में मोहम्मद कैफ, मोहम्मद यूसुफ, इफ्फत जहां, मोहम्मद आरजू खान, मोहम्मद आदिल खान, जिला कांग्रेस के सोशल मीडिया चेयरमैन राजकुमार वर्मा तथा जिला सचिव रविंद्र मौर्य सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।

