नगरपालिका चुनाव 2026: नामांकन संवीक्षा पूरी, 6 फरवरी को नाम वापसी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत महापौर, अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों के लिए समर्पित नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालय में संपन्न हुई। संवीक्षा के दौरान नामांकन पत्रों में त्रुटि पाए जाने पर कई उम्मीदवारों की उम्मीदवारी निरस्त की गई।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, जिसमें से 13 का नामांकन पत्र वैध पाया गया, जबकि 3 उम्मीदवारों का नामांकन त्रुटि के कारण अयोग्य घोषित किया गया। वहीं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 10 में से 9 उम्मीदवारों का नामांकन सही पाया गया और 1 की उम्मीदवारी निरस्त हुई। चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सभी 4 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए।
वार्ड स्तर पर मानगो नगर निगम के 1 से 36 वार्डों में कुल 281 उम्मीदवारों में से 6 अयोग्य पाए गए, जबकि 275 उम्मीदवारों का नामांकन वैध रहा। जुगसलाई नगर परिषद के 22 वार्डों में 97 में से 5 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी निरस्त हुई और 92 योग्य पाए गए। चाकुलिया नगर पंचायत के 12 वार्डों में कुल 42 में से 3 उम्मीदवार अयोग्य घोषित किए गए, शेष 39 का नामांकन सही पाया गया।
प्रशासन द्वारा नाम वापसी की तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है, जो पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगी।

