डिमना रोड पर संदिग्ध बाबाओं की गतिविधियों से मचा हड़कंप, ठगी के शक में दो हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में मानगो स्थित उलीडीह ओपी अंतर्गत डिमना रोड से ठगी से जुड़ा एक संदिग्ध मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। भिक्षा मांग रहे दो बाबाओं को स्थानीय लोगों ने उनकी संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इन्हीं दोनों संदिग्धों ने कुछ दिन पहले सुभाष कॉलोनी की एक महिला से ठगी की थी। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में दोनों को दोबारा इसी तरह की गतिविधियों में संलिप्त होकर इलाके में घूमते हुए देखा गया, जिससे लोगों का शक और गहरा हो गया। उनकी हरकतें संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ की और पुराने ठगी मामले से हुलिया मेल खाने पर तुरंत उलीडीह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। फिलहाल पुलिस महिला से हुई ठगी की घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। स्थानीय निवासी शुभम राज ने बताया कि इलाके में पहले भी ठगी की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सकी।

