नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026: निर्वाचन कोषांगों की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में निर्वाचन हेतु गठित सभी कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित कोषांगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्वाचन कोषांग को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा मतगणना से संबंधित योजना के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। कार्मिक कोषांग को चुनाव ड्यूटी हेतु कर्मियों की पोर्टल प्रविष्टि सुनिश्चित करने और चुनाव कार्य से मुक्त किए जाने से संबंधित आवेदनों के निष्पादन के लिए मेडिकल बोर्ड के गठन का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण कोषांग को कर्मियों का तीन चरणों में प्रशिक्षण पूर्ण कराने तथा मास्टर ट्रेनर की योग्यता जांच के लिए टेस्ट परीक्षा आयोजित करने को कहा गया। मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग को उपलब्ध बैलेट बॉक्स का आकलन कर आवश्यक मेंटेनेंस समय रहते पूरा कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि मतपत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी की होगी और मुद्रक से निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए।
सामग्री कोषांग को आवश्यक सामग्री का आकलन कर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा रूट चार्ट के अनुसार बूथ टैगिंग का प्रतिवेदन शीघ्र समर्पित करने को कहा गया।
परिवहन कोषांग को आवश्यकता के अनुरूप छोटी एवं बड़ी गाड़ियों की पर्याप्त व्यवस्था करने, वहीं विधि-व्यवस्था कोषांग को आयोग को समय-समय पर प्रतिवेदन भेजने, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने तथा निर्वाचन क्षेत्र में धारा 144 लागू करने के निर्देश दिए गए। हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम कोषांग को साकची थाना में कंट्रोल रूम क्रियाशील करने और संबंधित संपर्क नंबर सार्वजनिक करने को कहा गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने सभी कोषांगों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धायलभूम श्री अर्नव मिश्रा सहित सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

