राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद के झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास पर बम फेंके जाने की घटना को लेकर जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि धनबाद में जिला पुलिस का कोई प्रभाव नहीं है, बल्कि वहां अपराधियों की सरकार चल रही है।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना किसी ऐसे दबंग द्वारा अंजाम दी जाती है, जिसकी पकड़ राज्य और केंद्र सरकार दोनों स्तरों पर होती है। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि एक महिला विधायक के घर बम फेंककर खुलेआम दबंगई दिखाई जा रही है।
विधायक ने कहा कि धनबाद में मेयर चुनाव होने वाला है और इसी को लेकर दबाव बनाने तथा दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद में ऐसी घटनाएं अब आम हो चुकी हैं, जो कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती हैं।
सरयू राय ने राज्य सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की जांच और कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाए, क्योंकि धनबाद की जिला पुलिस अकेले इस तरह के मामलों से निपटने में सक्षम नहीं है।


