सड़क सुरक्षा सप्ताह में भी लापरवाही जारी, सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी!
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं टाटा स्टील सहित कई औद्योगिक संस्थान भी सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है।

उपायुक्त कार्यालय के समीप प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग अपनी समस्याओं को लेकर इस तरह सफर करते नजर आ रहे हैं, जहां यात्री खुलेआम मालवाहक वाहनों या अन्य गाड़ियों के ऊपर बैठकर आवाजाही कर रहे हैं। जिस स्थान पर यह खतरनाक आवागमन हो रहा है, वहीं उपायुक्त कार्यालय, वरीय पुलिस अधीक्षक का कार्यालय तथा जिले के कई वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों का नियमित आना-जाना रहता है।
सवाल यह उठता है कि जब जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च कार्यालयों के सामने ही सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, तो आम सड़कों पर स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
जानकारों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आम जनता को भी अपनी जान-माल की सुरक्षा के प्रति जागरूक होना होगा। नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। सड़क सुरक्षा सप्ताह तभी सार्थक होगा, जब प्रशासन के साथ-साथ आम लोग भी जिम्मेदारी निभाएं।


