जामताड़ा में मैट्रिक व इंटर परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासन सख्त, कदाचार मुक्त आयोजन के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 एवं इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान व वाणिज्य) परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसे लेकर समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं थाना प्रभारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 3 से 17 फरवरी तक प्रथम पाली में तथा इंटरमीडिएट परीक्षा 3 से 23 फरवरी तक द्वितीय पाली में आयोजित होगी। जिले में मैट्रिक के लिए 27 एवं इंटरमीडिएट के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मैट्रिक में 9213 तथा इंटरमीडिएट में 5872 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी, वीडियोग्राफी एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, अनधिकृत प्रवेश पर रोक, नकल या पररूपधारण के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वीक्षक परीक्षा कक्ष में मोबाइल नहीं रखेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने बताया कि परीक्षा अवधि में केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षार्थियों के पास मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने निष्पक्ष एवं व्यवस्थित परीक्षा संचालन का भरोसा दिलाया।

