अवैध शराब भट्टियों पर बड़ी कार्रवाई, चार भट्टियां ध्वस्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। जिला उत्पाद विभाग ने चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध देशी शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए विभिन्न गांवों में संचालित चार अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
दैनिक अखबार राष्ट्रसंवाद में प्रकाशित खबर के बाद विभाग हरकत में आया। इसके तहत चांडिल अनुमंडल के जुगिलोग, चातरमा, बेरादा और केंदडीह गांवों में अनधिकृत रूप से चल रही अवैध देशी शराब भट्टियों पर छापेमारी की गई। मौके पर मौजूद बड़े-बड़े ड्रमों में रखे गए जावा (कच्चा माल) को भी नष्ट कर दिया गया।
इस अभियान का नेतृत्व चांडिल सर्किल के उत्पाद दरोगा नीरज कुमार ने किया। कार्रवाई के दौरान विभाग के सशस्त्र बल भी मौजूद थे। उत्पाद दरोगा नीरज कुमार ने बताया कि जिला उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

