जमशेदपुर में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व: नगर कीर्तन से गूंजा शहर, भक्ति-उल्लास में डूबी संगत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज जी के 359वें प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर पूरी तरह गुरु गोबिंदमय हो उठा। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) की ओर से रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा से साकची गुरुद्वारा तक नए मार्ग से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। पालकी साहिब के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मार्ग में उमड़े और “बोले सो निहाल–सतश्रीअकाल” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

नगर कीर्तन में पंज प्यारे, फूलों से सजी पालकी साहिब, निरंतर शब्द-कीर्तन, स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता, स्त्री सत्संग सभा की सक्रिय भूमिका और नौजवान सभा द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था प्रमुख आकर्षण रहे। टेल्को, साकची, मानगो, रिफ्यूजी कॉलोनी और टुईलाडूंगरी की गतका टीमों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए।
नगर कीर्तन में सांसद बिद्युत बरण महतो, विधायक सरयू राय, पूर्णिमा दास, कुणाल सारंगी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह, राजू गिरी सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक गणमान्य शामिल हुए।
सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह समेत गुरुद्वारों के सभी प्रधान, पदाधिकारी, नौजवान सभा और स्त्री सत्संग सभा की इकाइयों की सक्रिय भागीदारी रही।
नगर कीर्तन रिफ्यूजी कॉलोनी से शुरू होकर टुईलाडूंगरी, गोलमुरी, आरडी टाटा गोलचक्कर, हावड़ा ब्रिज होते हुए शाम 5:30 बजे साकची गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां पुष्पवर्षा, अरदास और आतिशबाजी के साथ प्रकाश पर्व का समापन हुआ। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन से शहर में धार्मिक सद्भाव और एकता को नई मजबूती मिली।

