एसपी राजकुमार मेहता पत्नी संग जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस-पब्लिक आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सांवलापुर में कड़ाके की ठंड को देखते हुए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पुलिस प्रशासन एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक जामताड़ा राज कुमार मेहता एवं उनकी धर्मपत्नी नैना कौर द्वारा सांवलापुर एवं मोहलीडीह गांव के वृद्ध, बुजुर्ग, असहाय, विधवा एवं दिव्यांग लोगों के बीच कुल 150 कंबलों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत पहुंचाना था, ताकि शीत लहर के इस दौर में उन्हें कुछ सहारा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान नैना कौर द्वारा उपस्थित छोटे-छोटे बच्चों के बीच बिस्कुट एवं मिठाई का भी वितरण किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने इस सामाजिक पहल की सराहना की और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्वनाथ सिंह, पुलिस उपाधीक्षक आईआरबी-01, पुलिस निरीक्षक नारायणपुर, थाना प्रभारी नारायणपुर मुराद हसन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम से पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूती मिली।

