जल जीवन मिशन के तहत जलसहिया का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
गोड्डा:पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल गोड्डा द्वारा प्रखंड बसंतराय में जल जीवन मिशन के तहत जल गुणवत्ता जांच और निगरानी विषय पर जलसहिया के लिए एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमान मरांडी ने की। प्रशिक्षण में जलसहिया को एफटीके (फील्ड टेस्ट किट) के माध्यम से जल जांच की विधि, रिपोर्टिंग प्रक्रिया और गुणवत्ता निगरानी के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी जलसहिया अपने गांव के सभी पेयजल स्रोतों की एफटीके किट से जांच करेंगी और प्रत्येक गांव में पाँच सक्रिय महिलाओं को भी इस प्रक्रिया का प्रशिक्षण देंगी। सभी जल जांच प्रतिवेदन WQMIS पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शुद्ध जल मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए बिना जांच किए जल का उपयोग न किया जाए। ग्रामीणों को जल गुणवत्ता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा जिला समन्वयक (IEC) ने जल जीवन मिशन से संबंधित विभिन्न अवयवों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। जिला स्तरीय जल जांच प्रयोगशाला के रोहित कुमार (लैब सहायक-I) और नीलेश कुमार (माइक्रोबायोलॉजिस्ट) ने पीएच, टरबिडिटी, कठोरता, क्लोराइड, क्षारीयता, आयरन, नाइट्रेट, फॉस्फेट, अमोनिया, सल्फेट आदि सभी मापदंडों की जांच प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जलसहिया, कनीय अभियंता बसंतराय तथा प्रखंड वास समन्वयक उपस्थित रहे।

