टाटानगर स्टेशन पर वीआईपी लेन बंदी और ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ आजसू का विरोध
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आजसू पार्टी ने टाटा नगर रेलवे स्टेशन के बाहर वीआईपी लेन को स्टील बैरिकेटिंग कर बंद किए जाने और टाटानगर आने वाली ट्रेनों के लगातार विलंब पर कड़ा विरोध जताया। जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक को डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
आजसू ने कहा कि वीआईपी लेन बंद होने से आम जनता, दिव्यांग, एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होंगी। ड्रॉपिंग लेन में 10 मिनट से अधिक रुकने पर 500 रुपये जुर्माना लगने से साधारण यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
साथ ही, चांडिल, चक्रधरपुर व घाटशिला से समय पर छूटने के बावजूद टाटानगर पहुंचने में 3–4 घंटे की देरी पर भी पार्टी ने नाराजगी जताई और सुधार की मांग की। स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को छोड़ किसी अन्य के लिए वीआईपी व्यवस्था नहीं है। आपातकालीन सेवाओं पर चर्चा जारी है।
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने डीआरएम की कार्यशैली को जनभावना के विरुद्ध बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। कन्हैया सिंह ने कहा कि बैरिकेटिंग से आम जनता गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है, समाधान नहीं होने पर आजसू उग्र आंदोलन करेगी। ज्ञापन देने में कमलेश दुबे, संजय सिंह, अप्पू तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

