देवरी में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, सड़क दुर्घटना या हत्या पुलिस उलझन में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत जगसिमर निवासी 33 वर्षीय उपेंद्र यादव की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हो गई। रविवार को देर शाम उनका शव फतेपुर के आगे जमुनियाटांड़ के पास सड़क किनारे मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपेंद्र यादव रविवार की शाम 4 बजे बाइक से किसी काम से चतरो गए थे। लगभग 6 बजे तक परिजन लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन कॉल रिसीव न होने पर परिवार को चिंता हुई। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में रास्ते पर निकले, इसी दौरान जमुनियाटांड़ के समीप सड़क किनारे उपेंद्र का शव पड़ा मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि 12 घंटे बीत जाने के बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह सड़क दुर्घटना है या फिर किसी साजिश के तहत की गई हत्या। पुलिस ने मौके से कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिलने की बात कही है।
उधर, घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि उपेंद्र यादव अपनी तीन छोटी-छोटी बेटियों के पिता थे, जिनके सिर से पिता का साया अचानक उठ गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

