सरयू राय सिर्फ नेता नहीं, स्टेट्समैन त्याग, संघर्ष, समर्पण और संवेदनशीलता की प्रतिमूर्ति:जदयू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर । कदमा के रामजन्म नगर स्थित सामुदायिक भवन में हुई जदयू की बैठक में नेताओं ने जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय को स्टेट्समैन बताते हुए कहा कि उनका त्याग, संघर्ष और संवेदनशीलता हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। बैठक की अध्यक्षता तारक मुखर्जी ने की।
जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं को दायित्व देना होगा और नियमित छोटी बैठकों से मजबूती बढ़ेगी। महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सरयू राय की छवि दलगत राजनीति से ऊपर उठ चुकी है, जिसका लाभ संगठन को मिलेगा।
युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि कदमा क्षेत्र की जन समस्याओं के समाधान में संगठन सक्रिय है और विधायक की संवेदनशीलता को कार्यों में उतारना होगा। शेष नाथ पाठक ने कहा कि जनविश्वास अर्जित कर ही संगठन मजबूत होगा।
बैठक में प्रशासन द्वारा वाहन जांच के नाम पर कथित धन उगाही, कदमा में बढ़ती चोरी और इन मुद्दों पर संघर्ष की जरूरत पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन रविशंकर सिंह और धन्यवाद ज्ञापन माधव सिंह ने किया। इस दौरान 15 लोगों ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की।

