जामताड़ा में जल्द शुरू होगी दिशोम गुरु डिजिटल लाइब्रेरी, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: अग्निशामक कार्यालय के निकट स्थापित दिशोम गुरु डिजिटल लाइब्रेरी का उपायुक्त रवि आनंद ने निरीक्षण कर टेस्टिंग कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं से बातचीत की और कंप्यूटर तथा डिजिटल शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे। उपायुक्त ने कहा कि यह डिजिटल लाइब्रेरी जल्द ही संचालित होगी और टेस्टिंग चरण के दौरान इंटरनेट, बिजली एवं उपकरणों से संबंधित सभी तकनीकी कमियों को दूर किया जा रहा है।
डिजिटल लाइब्रेरी में 50 कंप्यूटर क्षमता वाला आधुनिक डिजिटल लैब तैयार किया गया है, जहाँ एक साथ 50 बच्चे अध्ययन कर सकेंगे। लाइब्रेरी मैनुअल सिस्टम उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है, जिससे छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों को पुस्तकों एवं डिजिटल संसाधनों की कमी का सामना न करना पड़े। साथ ही विभिन्न डिजिटल सर्टिफिकेट कोर्स भी उपलब्ध होंगे, जो युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करेंगे।
आगे चलकर लाइब्रेरी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चैटजीपीटी व अन्य अत्याधुनिक तकनीकों आधारित शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि उद्देश्य यह है कि जिले के बच्चे डिजिटल शिक्षा में किसी से पीछे न रहें। निरीक्षण के दौरान एनआईसी अधिकारी, सूचना विज्ञान पदाधिकारी और कई विद्यालयों के छात्र उपस्थित थे।

