जामताड़ा में मासिक प्रेस वार्ता आयोजित, विभिन्न विभागों की उपलब्धियों से मीडिया हुआ अवगत
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में आयोजित मासिक प्रेस वार्ता में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न विभागों की नवंबर माह की उपलब्धियों एवं प्रगति की जानकारी मीडिया को दी गई। उपायुक्त ने बताया कि जिले में विकास योजनाओं, राजस्व कार्य, आपदा राहत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है।
सेवा का अधिकार सप्ताह के दौरान जिले के सभी पंचायतों एवं निकाय क्षेत्रों में लगाए गए शिविरों में कुल 49,860 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11,119 का निष्पादन किया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मईया सम्मान योजना की राशि 1,52,536 महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की गई, जबकि विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभुकों को समय पर भुगतान किया गया। मनरेगा के तहत लक्ष्य से अधिक मानव दिवस सृजित हुए और 845 योजनाएँ पूर्ण की गईं।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने बताया कि जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु पुलिस निरंतर कार्रवाई कर रही है। लंबित कांडों की संख्या मई में 550 से घटकर नवंबर में 452 हो गई है। अवैध गतिविधियों पर छापेमारी, गिरफ्तारियाँ और साइबर अपराध नियंत्रण पर भी महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई।

