चाईबासा में प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा की उच्चस्तरीय समीक्षा
नक्सल अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: झारखंड की प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुधवार को चाईबासा पहुंचकर नक्सल-विरोधी अभियानों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। टाटा कॉलेज मैदान स्थित हेलीपैड पर डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार, एसपी अमित रेणु और CRPF व कोबरा बटालियन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
पुलिस कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन के दौरान आने वाली चुनौतियों, बलों के समन्वय, फोर्स तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा हुई। डीजीपी मिश्रा ने कहा कि फील्ड स्तर पर नक्सल अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण होते हैं, इसलिए पुलिस, फॉरेस्ट विभाग और सिविल प्रशासन का संयुक्त प्रयास जरूरी है।
उन्होंने भरोसा जताया कि बेहतर तालमेल और रणनीति के साथ आने वाले समय में अभियान और अधिक प्रभावी होंगे। मिश्रा ने टीमवर्क को अपनी प्राथमिकता बताते हुए CRPF, कोबरा और राज्य पुलिस के अनुभवी अधिकारियों को प्रणाली की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि सभी अभियान व्यवस्थित, सुरक्षित और परिणामोन्मुख हों।

