सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर बड़ी सौगात CM हेमंत सोरेन 28 नवंबर को बांटेंगे 8514 नियुक्ति पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: वर्तमान राज्य सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 8514 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह राज्य में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक नियुक्ति वितरण कार्यक्रम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री जिन पदों के लिए नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे, उनमें उप समाहर्ता 207, पुलिस उपाधीक्षक 35, राज्य कर पदाधिकारी 56, कारा अधीक्षक 2, झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी-2 के 10, जिला समावेष्टा 1, सहायक निबंधक 8, श्रम अधीक्षक 14, प्रोबेशन पदाधिकारी 6, निरीक्षक उत्पाद 3, दंत चिकित्सा पदाधिकारी 22, सहायक आचार्य 8000 और कीटपालक 150 पद शामिल हैं। इन सभी नियुक्तियों का चयन जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से किया गया है। साथ ही, श्रम विभाग के रोजगार मेले के चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र देने की संभावना जताई गई है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक के बाद सरकार ने विभिन्न विभागों के लिए नोडल पदाधिकारी भी नियुक्त किए हैं। इनमें कृषि विभाग से विशेष सचिव नयनतारा केरकेट्टा, गृह विभाग से अपर सचिव अनिल कुमार तिर्की, स्वास्थ्य विभाग से संयुक्त सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज, कार्मिक विभाग से संयुक्त सचिव अमर कुमार, वाणिज्य कर विभाग से संयुक्त सचिव विनय कुमार, श्रम विभाग से संयुक्त सचिव रेज्यूस बाढ, उद्योग विभाग से उप सचिव नीरज कुमार सिंह और उत्पाद विभाग से उप सचिव अमर कुमार सिंह शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि यह कार्यक्रम युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में अब तक की सबसे बड़ी पहल साबित होगा।

