10वीं बार लेंगे सीएम पद की शपथ नीतीश, बोले—अब बिहार को और तेज़ी से आगे बढ़ाना है
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना | बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की स्पष्ट जीत के बाद मंगलवार को गठबंधन ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि नीतीश कुमार एक बार फिर राज्य की कमान संभालेंगे। वे बुधवार, 20 नवंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह उनका 10वां कार्यकाल होगा।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में नीतीश कुमार ने नई सरकार का एजेंडा साफ करते हुए कहा, “अब और ज्यादा विकास करना है, पहले से ज्यादा काम करना है।”
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार को पूरा सहयोग मिल रहा है। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिए राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि “2005 से पहले वालों ने कोई काम किया? ये सेंट्रल हॉल भी हमने ही बनवाया है।”
नीतीश ने कहा कि अब सब कुछ तय हो गया है और बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा। “सब जगह से फायदा हो रहा है। पहले से बिहार अच्छा बढ़ रहा था, अब खूब आगे बढ़ेगा,” उन्होंने कहा।
शपथ ग्रहण समारोह में देशभर के कई बड़े नेता शामिल होंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार रात पटना पहुंचेंगे और समारोह में उपस्थित रहेंगे।

