62 हज़ार से अधिक छात्रों की छात्रवृत्ति स्वीकृत, जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति समीक्षा हेतु जिला स्तरीय अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
समिति द्वारा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कुल 62,268 छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति भुगतान को अनुमोदन प्रदान किया गया। यह निर्णय जिले के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के स्कूली बच्चों को समय पर आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है।
साथ ही पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के शैक्षणिक सत्र 2024-25 के आवेदनों की जाँच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया, ताकि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को बिना विलंब छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी विजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह बैठक छात्रवृत्ति भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी, तीव्र एवं छात्रों के हित में प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई।

