जामताड़ा में आयोजित जनता दरबार में 50 से अधिक आवेदनों का त्वरित निष्पादन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से पहुँचे लोगों की विभिन्न समस्याएँ सुनी गईं। उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में हुए इस जन-सुनवाई में लगभग 50 फरियादियों ने भूमि विवाद, मुआवजा, आवास, पेंशन, आंगनवाड़ी नियुक्ति, आधार, कन्यादान योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा अन्य मुद्दों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में नारायणपुर के कई लोगों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के बाद भी घर का संरचना मूल्यांकन नहीं किया गया है। इस पर उपायुक्त ने भू-अर्जन पदाधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। वहीं जामताड़ा की एक बुजुर्ग महिला ने परिवार द्वारा प्रताड़ित कर घर से निकाल दिए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को सीनियर सिटीजन एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनका संरक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अबुआ आवास प्राप्त होने के बावजूद ग्राम प्रधान द्वारा घर नहीं बनाने देने की शिकायत पर संबंधित अंचल अधिकारी को जांच और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया तथा अन्य आवेदनों को नियमसम्मत कार्रवाई के लिए संबंधित कार्यालयों को अग्रसारित किया गया।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि हर मंगलवार आयोजित जनता दरबार में निसंकोच अपनी समस्याएँ रखें, प्रशासन त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

