विजया गार्डेन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
विजया गार्डेन ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं विजया होम्स के निदेशक फणी महतो के बीच झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में उनके आवासीय कार्यालय, एग्रिको में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का प्रमुख विषय हाल ही में विजया गार्डेन ब्लॉक नं. 24 (लेवेंडर) में हुई दिनदहाड़े चोरी की घटना रही, जिसमें अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं नगदी की चोरी की थी। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी की गई है, न ही बरामदगी हुई है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू एवं जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने विजया गार्डेन पहुँचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एसोसिएशन पदाधिकारियों एवं विजया होम्स के निदेशक फणी महतो को बैठक के लिए आमंत्रित किया। बैठक में दास ने दोनों पक्षों की बातों को विस्तार से सुना और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
एसोसिएशन की ओर से मांग रखी गई कि गेट नं. 2 से गेट नं. 3 तक बिल्डिंग के दोनों ओर सुरक्षा फेंसिंग की जाए तथा प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। इसके साथ ही जलापूर्ति एवं कॉलोनी रखरखाव से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी सुझाव दिए गए।
रघुवर दास ने सुझाव दिया कि एसोसिएशन और विजया होम्स के प्रतिनिधि हर माह बैठक आयोजित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विजया होम्स से कहा कि कॉलोनीवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए और आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं।
विजया होम्स के निदेशक श्री फणी महतो ने सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और कहा कि निवासियों की सुरक्षा एवं सुविधा उनकी प्राथमिकता है।
बैठक में एसोसिएशन के सचिव आलोक कुमार, प्रमोद मिश्रा,बिपिन शरण,राजेश कुमार सिंह,रंजय सिंह एवं प्रेम कुमार उपस्थित रहे।

