जिला प्रशासन एवं एनडीआरएफ की संयुक्त पहल — भूकंप से निपटने हेतु 2 दिवसीय कार्यशाला एवं मॉक अभ्यास का शुभारंभ
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन जामताड़ा एवं एनडीआरएफ 9वीं वाहिनी की टीम द्वारा एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में भूकंप से बचाव एवं प्रबंधन को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला सह मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद ने किया। उन्होंने कहा कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जागरूकता और पूर्व तैयारी ही सबसे प्रभावी उपाय है।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपनी आपदा प्रबंधन योजनाओं को अद्यतन रखें और नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करें। उन्होंने “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” प्रक्रिया को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि शांत रहकर सुरक्षित स्थान पर जाने से जानमाल की हानि कम की जा सकती है।
कार्यशाला में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों ने भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों पर जानकारी दी। कल, 31 अक्टूबर को भूकंप मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

