जमशेदपुर में धूमधाम से मनाई जा रही श्री चित्रगुप्त पूजा, कायस्थ समाज के लोगों में दिखा उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर ।शहर में श्री चित्रगुप्त पूजा बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। कायस्थ समाज के लोग सुबह से ही पूजा-अर्चना में लीन हैं। मान्यता है कि इस दिन कायस्थ समाज के लोग कलम नहीं उठाते, क्योंकि यह पूजा कलम और दवात की प्रतीक मानी जाती है।
जानकारी के अनुसार, शहर में करीब 20 स्थानों पर पूजा का आयोजन किया गया है, जहां समाज के लोग एकजुट होकर भगवान चित्रगुप्त की आराधना कर रहे हैं। पूजा के पश्चात समाज के सदस्य एक-दूसरे से मिलते-जुलते और प्रसाद ग्रहण करते नजर आए।
समाज के लोगों का कहना है कि कायस्थ समाज ने देश के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, स्वामी विवेकानंद और जयप्रकाश नारायण जैसे महान व्यक्तित्व इसी समाज से रहे हैं, जिन्होंने देश के लिए अमूल्य योगदान दिया।
इस अवसर पर जेडीयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि “हमारे समाज के लोगों ने हमेशा देशहित में कार्य किया, लेकिन प्रचार-प्रसार नहीं किया। अब समय है कि समाज एकजुट होकर आगे आए और अपनी सकारात्मक भूमिका को मजबूती से प्रस्तुत करे।”
पूरे शहर में कायस्थ समाज के इस धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला।

