घाटशिला उप निर्वाचन 2025: अभ्यर्थियों के व्यय लेखा जांच की तिथियां घोषित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उप निर्वाचन 2025 में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए निर्वाचन व्यय लेखा जांच की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
निर्वाचन व्यय की जांच घाटशिला अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित अनुमंडल सभागार में पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक की जाएगी। निर्धारित तिथियां इस प्रकार हैं –
प्रथम निरीक्षण – 30 अक्टूबर 2025
द्वितीय निरीक्षण – 4 नवम्बर 2025
तृतीय निरीक्षण – 8 नवम्बर 2025
निर्वाची पदाधिकारी, 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ने सभी अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर निर्वाचन व्यय से संबंधित संधारित लेखा पंजी का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कराएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्देशों का पालन नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

