सटकी में फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
झारखंड के जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड के ग्राम सटकी में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचते ही ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मैदान में उमड़ी भीड़ ने खेल के प्रति क्षेत्र की गहरी रुचि को दर्शाया।
विधानसभाध्यक्ष महतो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जो न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती बनाए रखता है बल्कि अनुशासन, एकता और टीम भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और अवसर देने की। सरकार की ओर से ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। फुटबॉल मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में उत्साह देखने लायक था। विधानसभाध्यक्ष ने सभी को खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया।

