जन सुराज पार्टी ने जारी की पहली लिस्ट, 51 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 51 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
इस दौरान प्रशांत किशोर मौजूद नहीं थे, लेकिन आरसीपी सिंह, मनोज भारती जैसे वरिष्ठ नेता मंच पर थे। उदय सिंह ने कहा कि पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और यह सूची उसी दिशा में पहला निर्णायक कदम है।

घोषित प्रत्याशियों में 17 अति पिछड़ा वर्ग, 11 पिछड़ा वर्ग और 8 अल्पसंख्यक वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं।
मुख्य चेहरों में अस्थावां (नालंदा) से आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह, समस्तीपुर से कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर, गोपालगंज (भोरे) से प्रीति किन्नर, और रघुनाथपुर (सिवान) से राहुल कीर्ति सिंह शामिल हैं।

इसके अलावा लौरिया से सुनील कुमार, बेनीपट्टी से मोहम्मद परवेज आलम, निर्मली से राम प्रवेश यादव, सहरसा से किशोर कुमार, और कोचाधामन से अबू अफ्फान फारूकी जैसे नाम भी सूची में हैं।
उदय सिंह ने कहा कि पार्टी ने उम्मीदवारों का चयन जनसंपर्क, ईमानदारी और जनता के मुद्दों के आधार पर किया है। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज बिहार में नई और स्वच्छ राजनीति की शुरुआत करेगा।

