उपायुक्त ने कुंडहित में आदि सेवा केंद्रों का किया निरीक्षण, कुर्सी छोड़ ग्रामीणों संग बैठकर किया संवाद
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा : उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बरमेसिया एवं धेनुकडीह आदि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और विलेज एक्शन प्लान तैयार करने में सहयोग की अपील की। विशेष बात यह रही कि उपायुक्त कुर्सी छोड़ ग्रामीणों संग दरी पर बैठे और अभियान के प्रति लोगों को प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के क्रम में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने भी अपने विचार साझा किए। उपायुक्त ने कहा कि भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिले के 480 आदिवासी बहुल गांवों को शामिल किया गया है। इन गांवों में विकास योजनाओं का चुनाव ग्रामीण स्वयं करेंगे और उनके आधार पर एक्शन प्लान तैयार होगा। आगामी 2 अक्टूबर को विशेष ग्रामसभा में इन योजनाओं को पारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में आदि साथी, आदि सहयोगी और आदि कर्मयोगी की पहचान की जाएगी, जिनमें गांव के ही वालंटियर शामिल होंगे। ये प्रशासन के साथ मिलकर गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले रजा, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

