झारखंड में नए 10 प्लस 2 विद्यालयों की जरूरतः सरयू राय
जेकेएस इंटर कालेज में विधायक ने 7 नए कक्षाओं का किया उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने जेकेएस इंटर कालेज में सात नए क्लास रूम का उद्घाटन किया। इससे छात्रों के लिए बैठने की व्यवस्था और पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ। प्रबंध समिति ने अपने संसाधनों से निर्माण कराया और कुछ शिक्षकों की नियुक्ति भी की है।
इस मौके पर सरयू राय ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने से इंटर की पढ़ाई कॉलेजों से हट गई है, जिससे 10+2 विद्यालयों पर बोझ बढ़ गया है। जेकेएस इंटर कालेज में इस बार 2700 छात्रों ने नामांकन कराया है, जबकि संसाधन सीमित हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्याप्त 10+2 विद्यालय नहीं हैं और जो हैं उनमें जगह, शिक्षक और संसाधनों की कमी है। सरकार को चाहिए कि उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर रिपोर्ट ले कि कितने नए विद्यालय खोलने होंगे और कितने वित्तीय संसाधन जुटाने होंगे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बजट बढ़ाना जरूरी है, वरना छात्रों की भीड़ में शिक्षा का स्तर प्रभावित होगा।

