एक दिन • एक घंटा • एक साथ दुमुहानी संगम घाट पर स्वच्छता श्रमदान अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के अंतर्गत दुमुहानी संगम घाट पर रविवार को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस विशेष पहल में शहर के कई संगठनों और संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें एनजीओ, स्वयं सहायता समूह (SHGs), कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) टीमें, टाटा स्टील UISL, और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
एक घंटे तक चले श्रमदान में प्रतिभागियों ने घाट परिसर से कचरा एकत्र कर उसे सुरक्षित रूप से एमआरएफ सेंटर भेजा। इससे घाट क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाया गया।
नगर आयुक्त कृष्ण कुमार एवं अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा, “स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। जमशेदपुर ने हमेशा अपनी स्वच्छता संस्कृति से देशभर में उदाहरण पेश किया है।”
यह कार्यक्रम केवल सफाई अभियान ही नहीं रहा, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन के प्रति नागरिकों की शपथ और जन-जन की सहभागिता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।

