जमशेदपुर में भाजपा मानगो मंडल ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान, नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूरे भारतवर्ष में चल रहे स्वच्छता अभियान के तहत भाजपा मानगो मंडल की ओर से गुरुवार को मानगो क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और समाज में साफ-सफाई की आदत को बढ़ावा देना था।
सुबह से ही कार्यकर्ता झाड़ू, कूड़ादान और अन्य उपकरणों के साथ सड़कों पर उतर गए और मोहल्लों की गलियों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्र और सड़कों की सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक के उपयोग से बचने और गंदगी न फैलाने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेता नीरज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे अभियान का उद्देश्य सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि लोगों की जीवनशैली में स्वच्छता को शामिल करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत से ही स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है।
अभियान में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने लोगों को कचरा कूड़ेदान में डालने और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और कई लोग स्वेच्छा से सफाई में जुड़ गए। इस अभियान में नीरज सिंह, डॉ जटाशंकर पांडे, विनोद राय सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।

