जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान: कुंडहित में बीडीओ ने लगाया जनता दरबार कैंप
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: डीसी रवि आनंद के निर्देश पर कुंडहित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मोहम्मद जमाले राजा ने सोमवार को अपने कार्यालय परिसर में जनता दरबार कैंप का आयोजन किया। इस कैंप का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना था। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याएं जैसे राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा भुगतान, जमीन संबंधी विवाद, जाति व आय प्रमाण पत्र आदि से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।
बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा ने मौके पर ही संबंधित विभागीय कर्मियों के साथ मिलकर कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान कराया। जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं था, उनके लिए निश्चित समयसीमा तय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है।
जनता दरबार में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कैंप से लोगों की परेशानियां काफी हद तक कम होती हैं।

