रामदास सोरेन के श्राद्ध भोज में उमड़ा जनसैलाब : राज्यपाल, सीएम सहित तमाम हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
झारखंड की राजनीति में पुराने समीकरण और आत्मीय रिश्ते फिर इतिहास दोहराने की ओर अग्रसर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के श्राद्ध भोज में शुक्रवार को अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की धर्मपत्नी मीरा मुंडा सहित कई मंत्रियों, लगभग सभी विधायकों, वरीय पदाधिकारियों, समाजसेवियों, शिक्षा एवं कॉरपोरेट जगत की हस्तियों ने शिरकत की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सभी नेताओं और अतिथियों ने परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।
इस दौरान जो दृश्य देखने को मिला, उसने साबित कर दिया कि झारखंड की राजनीति में पुराने समीकरण और आत्मीय रिश्ते फिर इतिहास दोहराने की ओर अग्रसर हैं। खासकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और मीरा मुंडा की आत्मीयता की मौजूद लोगों ने विशेष सराहना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचे और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के श्राद्ध भोज में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने रामदास सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रामदास सोरेन का जाना बहुत बड़ी क्षति है.
रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रामदास सोरेन की पत्नी, उनके पुत्रों और बेटी से मुलाकात की और शोक संतप्त परिजनों को ढाढ़स बंधाया
रामदास सोरेन का जाना बड़ी क्षतिः मुख्यमंत्री

वहीं मीडिया से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद रामदास सोरेन का निधन पार्टी और निजी रूप से उनके लिए बड़ी क्षति है. उन्होंने कहा कि गुरुजी और रामदास सोरेन के अधूरे सपने को पूरा करना है. आपको बता दें कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हवाई मार्ग से जमशेदपुर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जमशेदपुर के घोड़ाबांधा में ही हेलीपैड बनाया गया था.
राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष समेत कई मंत्री भी पहुंचे

आपको बता दें कि सीएम हेमंत सोरेन के अलावा राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, कई कैबिनेट मंत्री, विधायक, पूर्व सीएम रघुवर दास और समाजसेवी विकास सिंह के साथ और बड़े अधिकारी जमशेदपुर के घोड़ाबांधा पहुंचकर दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान राज्यपाल, नेताओं और अधिकारियों ने दिवंगत रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की. दिवंगत रामदास सोरेन के श्राद्ध भोज का आयोजन जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से कुछ दूरी पर फुटबॉल मैदान में किया गया है.

पूर्व सीएम रघुवर दास समेत कई नेता पहुंचे

वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक संजीव सरदार, समीर मोहंती के अलावा कई नेता दिवंगत रामदास सोरेन के श्राद्ध भोज में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान नेताओं ने रामदास सोरेन के शोक संत्प्त परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी.
दिवंगत रामदास सोरेन के परिजनों से मिले राज्यपाल

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दिवंगत रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमणि सोरेन, पुत्र सोमेश सोरेन, रोबिन सोरेन, रुपेश सोरेन और पुत्री रेणुका सोरेन से मिलकर ढाढ़स बंधाया. राज्यपाल रांची से सड़क मार्ग के जरिए जमशेदपुर घोड़ाबांधा स्थित दिवंगत रामदास सोरेन के आवास पहुंचे थे. वहीं वीवीआईपी के आगमन को लेकर पूर्वी सिंहभूम प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे. श्राद्ध भोज स्थल और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है.

