विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो पहुंचे दिल्ली, ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस में होंगे शामिल
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
रांची: झारखंड विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो 24 और 25 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। यह विशेष आयोजन भारत के प्रथम निर्वाचित स्पीकर वीर विट्ठलभाई पटेल की स्मृति में किया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर के विधानसभाओं और विधान परिषदों के स्पीकर, डिप्टी स्पीकर एवं सेक्रेटरी एक मंच पर जुटेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत की संसदीय परंपराओं को और मजबूत बनाना, विधायी कार्यों की गुणवत्ता में सुधार करना तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न राज्यों के बीच अनुभव साझा करना है। सम्मेलन के दौरान विधायिकाओं के संचालन में आने वाली चुनौतियों, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, सदन की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर संसदीय इतिहास के महत्वपूर्ण अध्यायों पर भी प्रकाश डाला जाएगा, विशेषकर वीर विट्ठलभाई पटेल के योगदान पर, जिन्होंने भारत के पहले निर्वाचित स्पीकर के रूप में संसदीय लोकतंत्र की नींव को मजबूत किया।झारखंड विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि यह सम्मेलन लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने और जनता के प्रति विधायिकाओं की जिम्मेदारी को और गहन करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मंच से मिले सुझाव राज्य की विधायिका की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने में मददगार साबित होंगे।
यह सम्मेलन भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होने की उम्मीद है।

