गम्हरिया में बड़ी कार्रवाई : तांबा-एल्युमिनियम तार चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार, सामान व वाहन बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी से तांबा और एल्युमिनियम तार चोरी के मामले में गम्हरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को रंगेहाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प. सिंहभूम के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के कुमिरता निवासी जनसिंह तामसोय, परसुडीह के कीताडीह निवासी अजय पूर्ति उर्फ विजय पूर्ति, गम्हरिया के सालडीह बस्ती निवासी गगन कारवा और उदयपुर गांव निवासी महावीर हांसदा शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए तांबा, एल्युमिनियम व कवर तार के बंडल (कुल 80 किलोग्राम), एक एलपीटी मालवाहक वाहन और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। बरामद सामानों की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के क्रम में चारों की गिरफ्तारी संभव हुई। साथ ही सात अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुणाल कुमार के अलावा पुअनि संतोष सरदार, ललन रविदास, सअनि सीताराम सिंह पाहन, हवलदार दिलीप पूर्ति, आरक्षी सुभाष महतो और चालक आरक्षी राकेश कुमार दूबे शामिल थे।


