श्रावणी मेले में गर्भगृह में जबरन प्रवेश का आरोप, सांसद मनोज तिवारी-निशिकांत दुबे समेत कई पर केस दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
देवघर :श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में नियम तोड़कर और तैनात सुरक्षाकर्मी से धक्का-मुक्की कर जबरन प्रवेश करने के आरोप में पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, उनके दोनों बेटे, मनोज तिवारी के निजी सचिव समेत कई लोगों के खिलाफ देवघर के बाबा मंदिर थाना में केस दर्ज किया गया है।

यह मामला पंडा धर्मरक्षणी सभा के पूर्व महासचिव की लिखित शिकायत पर दर्ज हुआ, जिसमें आरोपियों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, गर्भगृह में जारी पूजा में बाधा डालने समेत बीएनएस की 19 अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। केस कांड संख्या 04/2025 में दर्ज हुआ है।
उधर, मामला दर्ज होने के बाद सांसद निशिकांत दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा “झारखंड सरकार अब तक मुझ पर 51 केस दर्ज कर चुकी है। अगर जरूरत पड़ी तो मैं गिरफ्तारी देने से पीछे नहीं हटूंगा।”

