प्रथम प्रोटेम स्पीकर डॉ. विशेश्वर खां की 11वीं पुण्यतिथि पर स्मरण सभा आयोजित
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: झारखंड के पहले प्रोटेम स्पीकर और नाला विधानसभा से 9 बार विधायक रहे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. विशेश्वर खां की 11वीं पुण्यतिथि पर शुकवार को उनके पैतृक गांव लाइकापुर (नाला विधानसभा) में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस स्मरण सभा का नेतृत्व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कन्हाई चंद्रमाल पहाड़िया ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. खां के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। सभा में डॉ. विशेश्वर खां के बड़े पुत्र हर प्रसाद खां, छोटे पुत्र गौतम खां और पुत्रवधू एवं जिला परिषद सदस्य वंदना खां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सेवा और सादगी का प्रतीक था। डॉ. खां हमेशा गरीब, शोषित और वंचित वर्ग की आवाज बनकर विधानसभा में खड़े हुए।
इस अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव गौर रवानी ने कहा कि डॉ. विशेश्वर खां न केवल एक राजनीतिक नेता थे, बल्कि एक विचारधारा थे। वे झारखंड आंदोलन और सामाजिक बदलाव के अगुआ थे। उनके कार्यों और विचारों को आज की पीढ़ी के बीच पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक शामिल हुए। वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. खां का व्यक्तित्व राजनीति में ईमानदारी और जनसेवा का प्रतीक है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
स्मरण सभा में डॉ. खां के जीवन, उनके संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित वक्तव्य रखे गए और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ।

