अमेरिका के एकतरफा टैरिफ का विरोध सिंहभूम चैंबर ने किया पोस्टर लॉन्च, अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार का आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अमेरिका द्वारा भारत पर थोपे गए 25% + 25% के एकतरफा टैरिफ के विरोध में बुधवार को सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने विरोध दर्ज कराते हुए पोस्टर लॉन्च किया। यह कार्यक्रम चैंबर सभागार में आयोजित हुआ, जहां अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, सचिव भरत मकानी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। चैंबर द्वारा जारी इस पोस्टर के माध्यम से भारतीय जनमानस से अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की अपील की गई।

चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा “अमेरिका का यह निर्णय न सिर्फ अनैतिक बल्कि अव्यवहारिक भी है। वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के दौर में ऐसे कदम भारत के उद्योगपतियों व व्यापारियों को बाधित करते हैं। हमें आत्मनिर्भर होकर अमेरिका को आर्थिक जवाब देना होगा।”

अनिल मोदी ने कहा “यह कदम तानाशाहीपूर्ण है और वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के नियमों के खिलाफ है। अमेरिका भारत को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन देश के नागरिक अब जागरूक हैं और इसका करारा जवाब देंगे।”

सचिव भरत मकानी ने की अपील “शहरवासी अमेरिकी कंपनियों के उत्पादों का बहिष्कार करें। यह अभियान शहर के प्रमुख बाजारों, सोशल मीडिया और जनसंपर्क माध्यमों के जरिये चलाया जाएगा

इस अवसर पर अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, अनिल रिंगसिया, अनीस वैद्य, प्रमोद मेहता सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे। चैंबर ने कहा कि यह विरोध अभियान आगे भी जारी रहेगा, जब तक अमेरिका इस फैसले को वापस नहीं लेता।


