उपायुक्त की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में जिले के अधिकारियों एवं अन्य के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित किया गया।
_*स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर हुई समीक्षा*_
बैठक में जिला अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यालयों में राष्ट्रध्वज फहराने हेतु समय का निर्धारण, प्रभात फेरी, पैरेड पूर्वाभ्यास, गांधी मैदान, समाहरणालय एवं मुख्य कार्यक्रम स्थल के अलावा शहर में अवस्थित महापुरुषों के प्रतिमाओं की साफ सफाई एवं रंग रोगन, झंडोतोलन स्थल की रंगाई पुताई, गांधी मैदान का समतलीकरण, स्टोन डस्ट डालने, जनसंपर्क विभाग द्वारा साउंड सिस्टम, कैमरा एवं वीडियोग्राफी, ड्रोन कैमरा की व्यवस्था, माल्यार्पण की व्यवस्था, राष्ट्रीय गान, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेडिकल व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान सहित राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर ड्राई डे का कड़ाई से अनुपालन, मांस, मछली आदि की बिक्री पर रोक, विधि व्यवस्था, स्वागत, प्रतियोगिता एवं अन्य बिंदुओं पर बारी बारी से समीक्षा करते हुए आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया गया।
_*हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह; सभी तैयारियों को ससमय पूर्ण करने हेतु दिए गए निर्देश*_
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है। जिले भर में इसे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यालयों में सर्वसम्मति से राष्ट्रध्वज फहराने के समय का निर्धारण करते हुए अन्य कार्यालयों में सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय प्रधान राष्ट्रध्वज फहराते समय राष्ट्रीय त्योहार की गरिमा का ध्यान रखते हुए उचित ड्रेस कोड का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। वहीं बताया गया कि प्रभात फेरी में कुल 03 टीमें रहेगी। इसके अलावा गांधी मैदान एवं मुख्य कार्यक्रम स्थल की साफ सफाई सहित अन्य बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए 10 अगस्त तक इसे पूर्ण करने का निर्देश दिया।
_*सर्वसम्मति से झंडोतोलन के समय का हुआ निर्धारण*_
गांधी मैदान – 09:00 बजे प्रातः
समाहरणालय – 10:10 बजे प्रातः
पुलिस अधीक्षक कार्यालय – 10:15 बजे प्रातः
जिला परिषद – 10:25 बजे प्रातः
उपायुक्त न्यायालय – 10:55 बजे प्रातः
अनुमंडल कार्यालय – 11:00 बजे प्रातः
एसडीपीओ कार्यालय – 11:05 बजे प्रातः
साइबर थाना – 11:10 बजे प्रातः
वन प्रमंडल कार्यालय – 11:25 बजे प्रातः
पुलिस लाईन – 11:50 बजे प्रातः
_*15 प्लाटून पैरेड में होंगे शामिल*_
इसके अलावा पैरेड पूर्वाभ्यास 10 से 13 अगस्त के बीच होगा। जिसमें कुल 15 प्लाटून यथा जिला बल के 02 प्लाटून, आईआरबी झिलुवा के 01 एवं होमगार्ड के 02 प्लाटून के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्लाटून एवं बैंड पार्टी शामिल होंगे। 13 अगस्त 2025 को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में फुल ड्रेस रिहर्सल किया जाएगा। जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों को पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। केंद्रीय विद्यालय एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के प्लाटूनों को लाने एवं पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था करने के अलावा परेड पूर्वाभ्यास से लेकर 15 अगस्त के दिन तक छात्र छात्राओं एवं सभी प्लाटूनों के लिए अल्पाहार एवं स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा मेडिकल, फायर ब्रिगेड, चलंत शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
_*उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित*_
इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल कूद, निमंत्रण कार्ड वितरण, स्वागत, प्रतियोगिता, विधि व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा कर उन्होंने गांधी मैदान में जिला प्रशासन बनाम आम नागरिक फ्रेंडली क्रिकेट मैच के लिए पूर्व में ही टीम का चयन करने साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया गया। वहीं उपायुक्त द्वारा विभिन्न विभागों यथा स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, समाज कल्याण, शिक्षा आदि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिन्हें 15 अगस्त के दिन प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
_*ड्राई डे का सख्ती से हो पालन; कसाई खाने भी रहेंगे बंद*_
इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन संपूर्ण जिले में ड्राई डे रहेगा। साथ ही कोई भी कसाई खाना, मांस मछली आदि की दुकानें नहीं खुलेगी। इसे सुनिश्चित करने हेतु सभी थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी इसे सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा बैठक में स्वतंत्रता दिवस को लेकर अन्य सभी बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
*_इस मौके पर_* उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता श्रीमती पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार सहित जिला स्तरीय सम्बन्धित पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, पुलिस अधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

